नोएडा, संवाददाता : मेट्रो का विस्तार अब नोएडा से आगे भी होगा। सिटी सेंटर से मेट्रो ट्रेक को सेक्टर-62 होते हुए गाजियाबाद से जोड़ा जाएगा। साथ ही सेक्टर-37 से कालिंदी कुंज होते हुए मेट्रो दिल्ली के लिए नए रूट पर दौड़ेगी। इसके अलावा नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने के लिए मेट्रो के दो रूट होंगे। एक रूट सेक्टर-37 से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और दूसरा सिटी सेंटर से सेक्टर-71 से फेस-टू होते हुए होगा। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन एवं सीईओ मोहिंदर सिंह के साथ डीएमआरसी के अधिकारियों की हुई बैठक में इस निर्णय को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
डीएमआरसी के अधिकारियों ने प्राधिकरण के चेयरमैन के साथ बैठक कर नोएडा सिटी सेंटर से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो ले जाने की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर चर्चा की। बैठक में चेयरमैन मोहिंदर सिंह ने मेट्रो को सिर्फ ग्रेटर नोएडा तक ले जाने की बजाय इसके विस्तार को तवज्जो दी। उन्होंने बताया कि मेट्रो ग्रेटर नोएडा में दो रूट से होकर जाएगी। पहला रूट सिटी सेंटर से होगा। यहां से मेट्रो सेक्टर-71 होते हुए फेस-टू की तरफ से ग्रेटर नोएडा पहुंचेगी। दूसरा रूट सेक्टर-37 से होगा। यहां से एमिटी और एक्सप्रेस-वे के सेक्टरों से होते हुए परी चौक तक जाएगी। भविष्य में इस रूट का विस्तार यमुना एक्सप्रेस-वे तक के सेक्टरों को जोड़ने के लिए किया जाएगा।
चेयरमैन ने बताया कि मेट्रो के जरिए नोएडा को एनसीआर से जोड़ने के लिए इसे सिटी सेंटर से सेक्टर-62 तक ले जाया जाएगा। यहां से गाजियाबाद के इंदिरापुरम तक आने वाले मेट्रो ट्रेक से जोड़ा जाएगा। वहीं नोएडा से दिल्ली के लिए मेट्रो का एक और रूट बनाया जाएगा। यह रूट सेक्टर-37 से कालिंदी कुंज होते हुए नेहरू प्लेस की तरफ जाएगा।
ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो ले जाने के लिए बनाई गई डीपीआर में इन सभी बिंदुओं को देखते हुए संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं। संशोधन मुख्य रूप से डीपीआर की वित्तीय रिपोर्ट, ट्रेक, रूट, स्ट्रक्चर व मरम्मत से संबंधित होंगे। नई डीपीआर के संबंध में बैठक अगले सप्ताह ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण के सीईओ मुकुल सिंघल के साथ होगी। अब तक ग्रेटर नोएडा के लिए जो डीपीआर तैयार की गई है, उसमें ट्रेक की लंबाई 29 किलोमीटर है। इस रूट पर 20 स्टेशन होंगे। इनमें से 15 स्टेशन नोएडा व पांच ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित हैं।
Source- in.jagran.yahoo.com


Comments